दिसंबर का महीना चल रहा है और ठंड ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी है। सर्दी से बचने के लिए ज्यादातर लोग भारी-भरकम कंबलों का इस्तेमाल करते हैं। कंबल ओढ़ने से न सिर्फ अच्छी नींद आती है, बल्कि शरीर भी गर्म रहता है। हालांकि रोजाना इस्तेमाल की वजह से कंबल जल्दी गंदा हो जाता है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि भारी कंबल को आखिर धोया कैसे जाए।
कंबल का वजन ज्यादा होने की वजह से हाथ से धोना आसान नहीं होता। इसी कारण कई लोग इसे वॉशिंग मशीन में धोने का सोचते हैं, लेकिन डर रहता है कि कहीं कंबल खराब न हो जाए। अगर आप भी इसी उलझन में हैं, तो जान लें कि सही तरीका अपनाकर कंबल को मशीन में सुरक्षित तरीके से धोया जा सकता है।
कंबल धोने से पहले सबसे जरूरी है उसके प्रकार को समझना। ऊनी, कॉटन और सिंथेटिक कंबलों की देखभाल अलग-अलग होती है। इसलिए सबसे पहले कंबल पर लगे केयर लेबल को जरूर पढ़ें। उसी पर लिखा होता है कि कंबल मशीन वॉश के लिए उपयुक्त है या नहीं और किस तापमान पर धोना चाहिए।
अगर कंबल मशीन में धोने योग्य है, तो वॉशिंग मशीन की सही सेटिंग चुनना बेहद जरूरी है। कंबल को कभी भी स्ट्रॉन्ग या हेवी वॉश मोड पर न धोएं। हमेशा डेलिकेट या जेंटल वॉश मोड का ही इस्तेमाल करें, ताकि कंबल के रेशे खराब न हों और उसकी गर्माहट बनी रहे।
डिटर्जेंट के चुनाव में भी सावधानी जरूरी है। कंबल को साधारण सर्फ से धोने से बचें, क्योंकि यह फाइबर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके लिए माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट सबसे बेहतर माना जाता है। ज्यादा डिटर्जेंट डालने से कंबल सख्त हो सकता है और उसकी क्वालिटी जल्दी गिरने लगती है।
धोते समय स्पिन स्पीड पर भी ध्यान देना चाहिए। तेज स्पिन से कंबल के फाइबर कमजोर हो सकते हैं, इसलिए हमेशा लो स्पिन या हल्की स्पिन सेटिंग रखें। इससे कंबल सुरक्षित रहेगा और जल्दी खराब नहीं होगा।
कंबल को बार-बार धोना भी सही नहीं माना जाता। हर 15 दिन में कंबल धोने की जरूरत नहीं होती। आमतौर पर डेढ़ से दो महीने में एक बार कंबल धोना पर्याप्त होता है। ज्यादा बार धोने से उसकी गर्माहट कम हो सकती है और लाइफ भी घट जाती है।
धोने के बाद कंबल को तेज धूप में सुखाने से बचें। हल्की धूप या छांव में फैलाकर सुखाना बेहतर होता है। इससे रंग फीका नहीं पड़ता और कंबल लंबे समय तक नया बना रहता है। सही तरीके से धोने, सुखाने और स्टोर करने से कंबल की लाइफ काफी हद तक बढ़ाई जा सकती है।
