• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 24, 2026

    अलवर में बीयर बार संचालकों की मनमानी: महिला स्टाफ से शराब परोसने पर विवाद

    अलवर शहर के कई बीयर बारों में फिर से युवतियों से शराब परोसने का काम कराया जा रहा है। जबकि एक सप्ताह पहले ही आबकारी कमिश्नर के आदेश पर युवतियों को बीयर बार से हटाया गया था। शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग की ओर से अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।

    17 मई को अलवर के बार संचालकों का प्रतिनिधिमंडल जयपुर में आबकारी आयुक्त नमित मेहता से मिला था। इस दौरान बार संचालन में आ रही समस्याओं और नियमों के पालन को लेकर चर्चा हुई थी। इसके बाद कमिश्नर को शिकायत दी गई कि कुछ बीयर बारों में नियमों के विरुद्ध युवतियों से शराब परोसवाई जा रही है, जबकि कुछ बारों पर सख्ती की जा रही है। संचालकों ने इसे दोहरा रवैया बताया।

    शिकायत मिलने पर आबकारी कमिश्नर ने अलवर आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि बीयर बारों में महिलाओं और युवतियों से शराब परोसने पर सख्ती से रोक लगाई जाए। इसके बावजूद शहर के कुछ बारों में अब भी युवतियां शराब परोसती नजर आ रही हैं। मामले की दोबारा शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

    जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैमन ने कहा कि सभी इंस्पेक्टर्स को निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि किसी बार में युवतियों से शराब परोसने का काम कराया गया तो संबंधित बार का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

    जिले में 30 से ज्यादा बीयर बार संचालित हो रहे हैं। इनमें पहले करीब 10 बारों में युवतियों को लगाया गया था। जयपुर में शिकायत के बाद अब भी 5 से 6 बारों में यह व्यवस्था जारी है। जबकि राज्य आबकारी नीति के अनुसार महिलाओं और युवतियों को शराब परोसने के कार्य में नहीं लगाया जा सकता।

    Tags :
    Share :

    Top Stories