• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 22, 2026

    अलवर में चाकूबाजी से सनसनी, पेट में वार कर युवक को किया घायल

    अलवर शहर के संजय नगर इलाके में कूलर के नीचे लगे फट्टे को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया गया है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। घायल युवक किराए के कमरे में रहकर लेवल-1 शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

    घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई रामफल ने बताया कि आरोपी अरविंद और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    जानकारी के अनुसार पवन (35) अपने साथियों के साथ संजय नगर में किराए के कमरे में रह रहा था। उसके चाचा के बेटे रोहिताश ने बताया कि कमरे के बाहर कूलर के नीचे मकान मालिक का फट्टा लगा हुआ था। इसी दौरान अरविंद वहां पहुंचा और फट्टा मांगने लगा। पवन ने कहा कि रूम पार्टनर के आने के बाद फट्टा दे दिया जाएगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

    आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद ने अपने भाई के साथ मिलकर पवन पर हमला कर दिया। अरविंद के भाई ने पवन को पकड़ लिया और अरविंद ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पवन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

    मौके पर मौजूद साथियों ने घायल पवन को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories