• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 18, 2025

    अलवर में जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदला, युवक को सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतारा

    अलवर के नौगांवा थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथगढ़ कॉलोनी में मंगलवार सुबह जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। झगड़े के दौरान हुई फायरिंग में रफीक खान (30) के सिर में गोली लग गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    घटना में तीन महिलाओं सहित छह लोग घायल हुए हैं। सभी को नौगांवा अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एक गंभीर घायल नूरुद्दीन खान को सिर में फावड़े के वार के चलते जयपुर रेफर किया गया है।

    दो घंटे तक चलता रहा विवाद, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

    पीड़ित परिवार के मुताबिक, रफीक के पिता सुब्बा की 8 बीघा जमीन में आरोपियों के दो बिस्वा हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों ने जमीन के बीच से रास्ता निकालने की मांग की, जिसका पीड़ित पक्ष ने विरोध किया। इसी को लेकर सुबह करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों में लाठी-डंडे, फरसी और हथियार चले।

    परिजनों का आरोप है कि सुबह 9 से 11 बजे तक उन्होंने कंट्रोल रूम और थाने में कई बार कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

    वीडियो बनाते समय मारी गोली

    परिजनों का कहना है कि झगड़े के दौरान रफीक मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी दौरान एक आरोपी ने उसके सिर में गोली मार दी। मौके से पुलिस को हथियारों के खोल भी मिले हैं।

    पीड़ित पक्ष ने इन पर लगाया आरोप

    मृतक के परिजन शहरुन खान के अनुसार, हमले में आरोपी सुपेदा, रोशन, फजरू और सुलेमान के परिवार शामिल थे। परिजनों का दावा है कि आरोपी लगभग 50–60 लोगों के साथ पहुंचे थे।

    रफीक ड्राइवरी का काम करता था और छह बच्चों का पिता था। चार दिन पहले ही उसके घर बच्चे का जन्म हुआ था।

    Tags :
    Share :

    Top Stories