• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 09, 2026

    अलवर में कल 8 घंटे बंद रहेगा रेल संचालन, 21 हजार परीक्षार्थियों की बढ़ेगी परेशानी

    अलवर में रविवार को लैब असिस्टेंट (विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित होगी। परीक्षा में 21 हजार 528 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसी दिन रेलवे के मेगा ब्लॉक के चलते सुबह 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक अलवर होकर कोई ट्रेन नहीं चलेगी। इससे परीक्षार्थियों और यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, काली मोरी से खैरथल के बीच तीन अंडरपास निर्माण कार्य के कारण मेगा ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान करीब 10 से 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर रेवाड़ी-फुलेरा मार्ग से संचालित किया जाएगा। रेलवे ने बताया कि कार्य की प्रगति के अनुसार ब्लॉक के समय में बदलाव भी हो सकता है।

    ट्रेनों के बंद रहने से बसों में यात्रियों और परीक्षार्थियों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को हुई परीक्षा के दौरान भी ट्रेनों के डायवर्ट होने से बसों में काफी दबाव देखा गया था। रविवार को यह भीड़ और बढ़ सकती है।

    भर्ती परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा जिले के 75 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें 24 सरकारी और 51 निजी विद्यालय शामिल हैं। केंद्र अलवर शहर के अलावा मालाखेड़ा और रामगढ़ उपखंड में बनाए गए हैं।

    एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि महिला अभ्यर्थी सलवार-सूट या साड़ी पहनकर परीक्षा दे सकेंगी। वहीं, सिख अभ्यर्थियों को कड़ा, कृपाण और पगड़ी पहनने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें जांच के लिए परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना होगा। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की अपील की है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories