• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 18, 2026

    भीषण गर्मी से रेलवे अलर्ट, अलवर में पटरियों में बल आने का खतरा बढ़ा

    अलवर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को शहर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया और सड़कों पर इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई दिए। वहीं शहर के हसन खां डबल फाटक के पास रेलवे पटरी का तापमान 55 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 10 से 12 डिग्री अधिक है।

    तेज गर्मी को देखते हुए रेलवे विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। पटरियों में बल या बकलिंग आने के खतरे को देखते हुए दोपहर में भी पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। रेलकर्मी राजेश यादव ने बताया कि कई बार पटरी का तापमान 60 डिग्री तक पहुंच जाता है। ऐसे में हर दो किलोमीटर पर एक पेट्रो मैन तैनात किया जाता है, जो लगातार ट्रैक की निगरानी करता है।

    पेट्रो मैन शिव सिंह ने बताया कि ट्रेन जिस दिशा से आती है, उसी दिशा में पेट्रोलिंग करनी पड़ती है। अगर कहीं पटरियों में बकलिंग दिखाई देती है तो तुरंत इसकी सूचना दी जाती है, ताकि समय रहते मरम्मत की जा सके। उन्होंने बताया कि एक टीम रोजाना चार बार में करीब 16 किलोमीटर तक ट्रैक की निगरानी करती है। गर्मी से बचाव के लिए रेलवे की ओर से कर्मचारियों को पानी की बोतल और ORS उपलब्ध कराया जा रहा है।

    भीषण गर्मी का असर शहर के जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लोग सिर पर स्कार्फ और रूमाल बांधकर घरों से निकल रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर लोगों की सुविधा के लिए प्याऊ भी लगाए गए हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories