• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 06, 2025

    डॉक्टर बनने का सपना अधूरा: परिवार ने 3 बीघा जमीन बेचकर भेजा था बेटा रूस पढ़ने

    रूस में 19 दिन से लापता अलवर के MBBS छात्र अजीत चौधरी (22) का शव व्हाइट रिवर से लगते एक बांध में मिला है। गुरुवार दोपहर रूस से अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ के कफनवाड़ा गांव में रहने वाले अजीत के परिवार को इसकी सूचना दी गई। रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों ने शव की पहचान की पुष्टि की है।

    अजीत चौधरी, पुत्र रूप सिंह चौधरी, रूस के ऊफा शहर स्थित बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी (Bashkir State Medical University) में MBBS के थर्ड ईयर का छात्र था। यूनिवर्सिटी कैंपस से कुछ किलोमीटर दूर बहने वाली नदी में अक्टूबर माह में जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था।

    19 अक्टूबर को अजीत अचानक लापता हो गया था। अगले दिन 20 अक्टूबर को नदी किनारे उसके कपड़े मिले थे। उस समय आशंका जताई गई थी कि वह नदी में बह गया होगा। तब से रूस में लगातार उसकी तलाश जारी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। अब उसका शव मिलने की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।

    अजीत की मां संतरा देवी ने कुछ दिन पहले हाथ जोड़कर अपील की थी कि सरकार उसके बेटे को ढूंढने में मदद करे, लेकिन अब उनकी उम्मीदें टूट गई हैं।

    विदेश राज्य मंत्री से मिले थे परिजन

    कुछ दिन पहले ही अलवर सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान के नेतृत्व में परिजन दिल्ली में विदेश मंत्रालय पहुंचे थे और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से मिले थे। मंत्री ने रूस स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों से फोन पर बात की थी। इसके बावजूद कोई सफलता नहीं मिली थी। अब दूतावास की ओर से शव मिलने की पुष्टि की गई है।

    नितिन सांगवान ने बताया कि, “रूस में यूनिवर्सिटी के छात्रों ने अजीत चौधरी के शव की पहचान की है। अब दूतावास की देखरेख में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और इसके बाद दो दिन में शव भारत भेजा जाएगा।”

    Tags :
    Share :

    Top Stories