कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा में हुई किसान हिंसा विपक्ष द्वारा उकसाया गया मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े नेता किसानों को भड़का रहे हैं और जनता को बरगलाया जा रहा है।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा शनिवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। यह कॉन्फ्रेंस राज्य सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जिस एथेनॉल प्रोजेक्ट को पहले जनहित में बताया था, उसी मुद्दे पर अब जनता को गुमराह किया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के मन में भ्रम फैलाया जा रहा है और उन्हें उत्तेजित कर हिंसा की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे किसानों को समझाएं। जब दोनों पक्ष मिलकर संवाद करेंगे, तभी समाधान निकलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत के लिए तैयार है। किसान प्रतिनिधिमंडल जयपुर आकर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से मिल सकता है। जरूरत पड़ी तो सरकार खुद मौके पर जाकर भी बात करेगी, लेकिन कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट वर्ष 2022 में हुए एमओयू का हिस्सा है और करीब 500 करोड़ रुपए का है, जिसे एशिया का सबसे बड़ा एथेनॉल प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। किसानों की आशंका है कि इससे प्रदूषण होगा और फसलें खराब होंगी। मंत्री ने कहा कि किसानों की चिंताएं पूरी तरह गलत नहीं हैं, लेकिन प्रोजेक्ट में एसटीपी लगाए जाएंगे, जिससे प्रदूषण की संभावना नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि भिवाड़ी, बालोतरा और जोधपुर जैसे क्षेत्रों में एसटीपी नहीं होने के कारण प्रदूषण की समस्या सामने आई, जो पिछली सरकार की बड़ी कमी रही। किसानों को विश्वास में लिए बिना भूमि पूजन करना भी उस समय की गलती थी।
कृषि मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन का अधिकार है, लेकिन वह शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से होना चाहिए। हिंसा की स्थिति में कानूनी कार्रवाई और मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ भी 138 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने सरिस्का क्षेत्र में बने होटलों के मामलों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कई बार वे भी बिना पूरी जानकारी के मुद्दे उठा देते थे। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन वर्तमान सरकार के दो साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला कलेक्टर, एसपी और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
