• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 18, 2026

    गंगा दशहरा पर बन रहे कुमार-रवि योग, 25 मई को शिक्षा आरंभ के लिए शुभ संयोग

    ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की दशमी को मनाया जाने वाला गंगा दशहरा इस बार 25 मई को मनाया जाएगा। ज्येष्ठ के दो महीने होने के कारण यह पर्व अधिक मास में पड़ रहा है, जिसकी शुरुआत रविवार से हो चुकी है।

    पंडित यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि इस बार गंगा दशहरा पर रवि और कुमार योग का विशेष संयोग बन रहा है। ज्योतिष के अनुसार रवि योग तब बनता है, जब चंद्रमा का वर्तमान नक्षत्र सूर्य से चौथे, छठे, नौवें, दसवें, तेरहवें या बीसवें स्थान पर होता है। यह योग सूर्य के समान तेज, सफलता और शुभ फल देने वाला माना जाता है। वहीं कुमार योग को ज्ञान और शिक्षा प्राप्ति के लिए श्रेष्ठ माना गया है। ऐसे में नई शिक्षा या अध्ययन शुरू करने के लिए यह दिन शुभ रहेगा।

    गंगा दशहरा पर गंगा स्नान, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि घर के स्नान के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करने से भी पुण्य फल की प्राप्ति होती है।

    शहर में गंगा महारानी के दो प्रमुख मंदिर स्थित हैं। सैन गंगा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष खेमचंद सैन ने बताया कि ब्रह्मचारी मोहल्ले में करीब 150 साल पुराना सैन गंगा महारानी मंदिर है। मंदिर के लिए लाडोबाई ने भूमि दान की थी। यहां संगमरमर से बनी ढाई फीट ऊंची गंगा महारानी की प्रतिमा स्थापित है। गंगा दशहरा पर मंदिर में भजन संध्या और प्याऊ का आयोजन किया जाएगा।

    वहीं दिल्ली दरवाजा बाहर स्थित गंगा मंदिर के ट्रस्ट अध्यक्ष पूरण अलवरिया ने बताया कि यहां गंगा महारानी की संगमरमर की प्रतिमा महाराजा जयसिंह द्वारा प्रतिष्ठित कराई गई थी। मंदिर में रामदरबार, दुर्गा जी, राधा-कृष्ण और संत रविदास की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। गंगा दशहरा पर यहां भी भक्ति संगीत और प्याऊ सेवा का आयोजन होगा।

    पौराणिक मान्यता के अनुसार राजा भागीरथ ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन धरती पर अवतरित हुई थीं। इसी कारण यह दिन गंगा दशहरा के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से 10 प्रकार के पापों से मुक्ति मिलती है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories