• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    October 09, 2025

    हनीट्रैप के जाल में फंसा कारोबारी, गिरोह करता था पैसों की वसूली का खेल

    भिवाड़ी के थाना जैरोली पुलिस ने हनीट्रैप के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले ही पीड़ित से 3 लाख रुपए ऐंठ चुके थे और मौके पर 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिए गए।

    यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद (19), जिशान (28) और अरफीना उर्फ सिमरन (26) के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका के निवासी हैं।

    फोन से झांसा, होटल में जाल और फिर ब्लैकमेलिंग

    जैरोली थानाधिकारी विक्रम सिंह के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर की सुबह करीब 10:59 बजे की है। खनोल टपुकड़ा निवासी उमर मोहम्मद को एक महिला का फोन आया। कॉल करने वाली ने खुद को अरफीना बताया और मिलने के लिए बुलाया।

    पहले तो पीड़ित ने मना किया, लेकिन महिला के लगातार दबाव पर वह बाघौर पहुंचा, जहां से उसे झांसे में लेकर फिरोजपुर झिरका के एक होटल में ले जाया गया। होटल प्रबंधन की मदद से महिला को उसके कमरे में भेजा गया और कुछ फोटो व वीडियो रिकॉर्ड किए गए।

    धमकाकर ऐंठे लाखों, फिर मांगे 50 लाख

    इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर 15 हजार रुपए नकद, गाड़ी में रखे 14 हजार रुपए, और मोबाइल ट्रांसफर से 9 हजार रुपए ले लिए। बाद में 75 हजार रुपए और डलवाए।

    अगले दिन आरोपियों ने अलग-अलग नंबरों से कॉल कर 50 लाख रुपए की मांग की। रकम न देने पर फर्जी केस में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। घबराए पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

    पुलिस की कार्रवाई

    जैरोली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और जब आरोपी 50 हजार रुपए लेते हुए पहुंचे, तो तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories