• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 08, 2025

    कृष्णजी की मूर्ति चोरी कर घर ले गया नाबालिग, तोड़ने का वीडियो CCTV में कैद

    अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के बनिया का बाग स्थित एक मंदिर में शुक्रवार देर रात मंदिर के सामने रहने वाले नाबालिग ने राधा-कृष्ण की मूर्ति खंडित कर दी। इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया।

    घटना का वीडियो मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि मंदिर के सामने रहने वाला एक नाबालिग मंदिर में आया और कृष्ण जी की मूर्ति को उखाड़कर अपने साथ ले गया। जिसके बाद आस-पास के लोगों ने अरावली विहार थाना पुलिस को सूचना दी।

    कुछ ही देर बाद आस-पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और जयपुर रोड को जाम कर दिया। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने मूर्ति को लात मारकर तोड़ा, जिससे मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। मूर्ति खंडित होने की सूचना मिलते ही सैकड़ों श्रद्धालु मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने समझाइश के बाद जाम खुलवाया।

    पुलिस जब नाबालिग के घर पहुंची तो अंदर से तेज आवाजें आ रही थीं। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने बलपूर्वक गेट खोला। अंदर नाबालिग की मां मौजूद थी और नाबालिग मूर्ति के ऊपर कपड़े डाले हुए था। पुलिस ने मूर्ति के खंडित हिस्से बाल्टी में बरामद किए।

    मंदिर के पुजारी खुशी राम शर्मा ने बताया कि पूजा के बाद जैसे ही अंदर गया, अचानक आवाज आई। बाहर आया तो देखा कि सामने रहने वाला लड़का मूर्ति उखाड़कर ले जा रहा था। रोकने पर वह झगड़ने लगा और मूर्ति घर ले जाकर तोड़ दी।

    अरावली विहार थाने के एसएचओ रामेश्वर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग के घर को खुलवाया। प्रारंभिक जांच में नाबालिग के दिमागी रूप से कमजोर होने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि वह घटना की रिपोर्ट सुबह देंगे।

    Tags :
    Share :

    Top Stories