• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    February 01, 2026

    महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर खास फोकस

    राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने कहा है कि केंद्र सरकार का बजट ‘विकसित भारत–2047’ के लक्ष्य को नई दिशा देने वाला है। यह बजट समाज के हर वर्ग और हर संप्रदाय को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि जो लोग अब तक विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गए थे, उन्हें आगे लाया जा सके।

    डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा रविवार को अलवर में आयोजित मेघवाल समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बजट को महिलाओं, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाने वाला बताया। कार्यक्रम में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा भी मौजूद रहे।

    प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि बजट में हर क्षेत्र और हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें देश और राजस्थान दोनों को कई बड़ी सौगातें मिली हैं। उन्होंने बताया कि बजट में हर जिला मुख्यालय पर ट्रॉमा सेंटर और मुख्यालयों पर गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है, जिससे युवाओं और प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

    डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। पहले जो देश 11वें स्थान पर था, वह अब चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और तीसरे स्थान की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह मजबूत विजन और विकसित भारत–2047 के लक्ष्य का परिणाम है।

    कार्यक्रम के दौरान मेघवाल समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर बाबा भर्तृहरि की धरती है और यहां जो भी आया है, उसे कुछ न कुछ जरूर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में समाज की प्रतिभाएं राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में ऊंचाइयों तक पहुंचेंगी।

    Tags :
    Share :

    Top Stories