• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 25, 2026

    मेहंदीपुर बालाजी से लौटते समय कार हादसे का शिकार, परिवार में मचा कोहराम

    अलवर| लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह करीब 10:45 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। हादसा आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ, जिससे पीछे आ रही कार ट्रक में जा घुसी।

    पुलिस के अनुसार हादसे में कार सवार 3 माह के दिव्यम की मौत हो गई। वहीं उसके पिता राहुल पुत्र सतीश निवासी उत्तम नगर, दिल्ली, मां अंजली, दादी संतोष और बुआ हिमांशी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अलवर सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम दिव्यम को मृत घोषित कर दिया।

    मृतक बालक के दादा सतीश ने बताया कि उनका बेटा राहुल परिवार के साथ मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर दिल्ली लौट रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे जा घुसी।

    प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय अंजली अपने बेटे दिव्यम को गोद में लेकर पीछे की सीट पर बैठी थी। टक्कर लगते ही मासूम मां की गोद से उछलकर कार के डैशबोर्ड से टकरा गया। हादसे में राहुल, अंजली, संतोष और हिमांशी के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि कार के एयरबैग खुलने से अन्य लोगों की जान बच गई।

    लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटवाकर मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि मृतक बालक दिव्यम के माता-पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) हैं और दिव्यम 20 मई को ही तीन माह का हुआ था।

    Tags :
    Share :

    Top Stories