• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 24, 2026

    मेहंदीपुर बालाजी से लौटते वक्त हादसा: CA की कार ट्रक से टकराई, 3 महीने के बच्चे की जान गई

    अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 महीने के मासूम की मौत हो गई। हादसा लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10:45 बजे हुआ, जब एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार उसमें घुस गई।

    कार में दिल्ली के उत्तम नगर निवासी एक ही परिवार के 5 लोग सवार थे। परिवार मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर वापस दिल्ली लौट रहा था। हादसे में 3 महीने के दिव्यम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां अंजलि और दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

    जानकारी के अनुसार, मां अंजलि अपने बेटे दिव्यम को गोद में लेकर कार की पीछे वाली सीट पर बैठी थीं। टक्कर लगते ही बच्चा मां की गोद से उछलकर कार के डैशबोर्ड पर जा गिरा। हादसे में मां के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

    कार चला रहे पिता राहुल और आगे बैठी बुआ मानवी की जान एयरबैग खुलने से बच गई। वहीं पीछे बैठी दादी के हाथ में चोट आई है। सभी घायलों को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    मृतक बच्चे के दादा सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा राहुल और बहू अंजलि दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। रविवार सुबह परिवार मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए गया था। सुबह करीब 9 बजे राहुल ने फोन कर दर्शन अच्छे होने की जानकारी दी थी। इसके कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिली।

    लक्ष्मणगढ़ थाना प्रभारी नेकी राम ने बताया कि हादसे में मासूम की मौत हुई है। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories