• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 18, 2026

    निगम दफ्तर में ठेकेदार की दबंगई, अधिकारी को धमकाकर सरकारी दस्तावेज ले गया

    अलवर नगर निगम में सहायक लेखाधिकारियों (AAO) के साथ गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और सरकारी फाइल छीनने के मामले में अब कर्मचारी संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपी ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज नहीं होने पर निगम कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों ने सोमवार से आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी दी है।

    जानकारी के अनुसार 13 मई को ठेकेदार प्रवीण चौधरी नगर निगम कार्यालय में AAO हरीश जैन और वसीम के कमरे में पहुंचा। आरोप है कि यहां उसने दोनों अधिकारियों के साथ गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की। इस दौरान वह सरकारी फाइल भी अपने साथ ले गया। घटना के बाद उसी दिन कोतवाली थाने में शिकायत दी गई, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया।

    बाद में शुक्रवार शाम नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने भी कोतवाली थाने को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन इसके बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।

    AAO हरीश जैन का आरोप है कि ठेकेदार के दबाव में पुलिस कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने राजकार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौच की और धमकी देकर चला गया। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ठेकेदार प्रवीण चौधरी कथित तौर पर AAO को धमकाते हुए कह रहा है- “तेरा इलाज करूंगा, तू लिख लेना।” वीडियो में वह दबंगई दिखाते हुए फाइल ले जाता नजर आ रहा है।

    वहीं कोतवाली थाने के कार्यवाहक प्रभारी ओम प्रकाश का कहना है कि उनके पास कोई कर्मचारी या अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि कोतवाल रमेश सैनी के आने के बाद मामले को देखा जाएगा।

    इधर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) सहित कई कर्मचारी संगठनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और हड़ताल की जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने इसे सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories