• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 22, 2026

    पति जबरदस्ती ले जाएगा... डर में युवती ने सखी सेंटर की दूसरी मंजिल से लगाई छलांग

    अलवर के वन स्टॉप सखी सेंटर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने भागने की कोशिश में दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में युवती के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद दोनों पैरों में प्लास्टर कर दोबारा सखी सेंटर भेज दिया गया।

    विजय मंदिर थाना एसएचओ प्रेमलता वर्मा ने बताया कि युवती जनवरी में अपने ससुराल से पीहर चली गई थी। उसने परिवार को बताया था कि पति उसके साथ मारपीट करता है। परिजनों ने समझाइश देकर उसे वापस ससुराल भेज दिया, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर घर छोड़कर चली गई। इसके बाद 1 फरवरी को पति ने विजय मंदिर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।

    गुरुवार को युवती खुद थाने पहुंची। पुलिस ने पीहर और ससुराल पक्ष को बुलाया, लेकिन युवती ने दोनों जगह जाने से साफ इनकार कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर उसे वन स्टॉप सखी सेंटर में रखा गया था।

    शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे युवती ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पूछताछ में उसने बताया कि वह पति के पास वापस नहीं जाना चाहती थी और उसे डर था कि पति जबरदस्ती अपने साथ ले जाएगा। इसी तनाव और डर में उसने यह कदम उठा लिया।

    युवती ने पति पर लगातार मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और युवती का इलाज जारी है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories