अलवर के रामगढ़ थाना इलाके में मामूली विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवार में जमकर लाठी-डंडे चले। खो बांधोली गांव में बुधवार को दोपहर 12 बजे के आसपास हुए झगड़े में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हालांकि, पुलिस ने दो लोगों को शांतिभंग में गिफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना के बाद घायलों को रामगढ़ अस्पताल में ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें गुरुवार को अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, घर से लकड़ियां ले जाने को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों ने रामगढ़ थाने में एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करवा दिया है।
लकड़ी चुराने को लेकर हुई दोनों पक्षों में कहासुनी
पीड़ित गंगा प्रसाद ने बताया कि उसका बेटा और बहू राजबाला घर पर थे। राजबाला बीमार थी और छोटे बेटे के घर बैठी हुई थी। इस दौरान दूसरे भाई के बेटे की बहू वहां आकर चिल्लाने लगी और आरोप लगाया कि वे उसकी लकड़ियां चुरा रही हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
गंगा प्रसाद के अनुसार, आरोप लगाने के बाद महिला ने उसकी बहू पर हमला कर दिया और कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के करीब 10-15 लोग वहां आ गए। जिन्होंने उसकी बहू और पोती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब गंगा प्रसाद बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया गया। आस-पास के लोगों ने किसी तरह झगड़ा शांत कराया।
रामगढ़ अस्पताल में भी भिड़े दोनों परिवार के लोग
गंगा प्रसाद ने बताया कि इतना ही नहीं जब इलाज के लिए वे रामगढ़ अस्पताल पहुंचे तो आरोपी पक्ष वहां भी पहुंच गया और डॉक्टरों के सामने उन पर फिर से हमला कर दिया। घटना में राजबाला(35) के सिर, नाक और कान में गंभीर चोटें आई हैं, पोती अंजू (18) को भी कई जगह चोटें लगी हैं, जबकि गंगा प्रसाद(64) के सिर और पसलियों में चोट लगी है।
हमले में धनीराम, ममता, ललता, रिंकू, बुल्लर, रोहित समेत 10-15 लोगों पर शामिल होने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल रामगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रामगढ़ थाना अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर गए थे, जिसके बाद में घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। अब दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट ले ली गई है, आगे की कार्रवाई की जाएगी।
