• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    January 23, 2026

    सूने घर को बनाया निशाना, बैग में भरकर ले गया लाखों के गहने

    अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के मदनपुरी रोड रूपबास स्थित शिव नगर में अज्ञात चोरों ने एक सरकारी टीचर के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। यह वारदात 20 जनवरी की रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।

    जानकारी के अनुसार, चोर दीवार कूदकर मकान में दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। इसके बाद वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात बैग में भरकर फरार हो गए।

    कॉलोनी के एक पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में चोर पहले हाथ में ताला तोड़ने का औजार लेकर जाता हुआ दिखाई देता है, जबकि कुछ समय बाद एक बैग में सामान भरकर वापस लौटता नजर आ रहा है।

    पीड़ित सरकारी टीचर के पति हरिराम मीणा ने बताया कि वे निजी बस चलाते हैं। उनकी पत्नी की ड्यूटी चित्तौड़गढ़ में है, बेटा आर्मी में तैनात है और बेटी की शादी हो चुकी है। वे अकेले ही मकान में रहते हैं। घटना वाले दिन वे बस की बुकिंग के सिलसिले में राजगढ़ गए हुए थे और रात कांदोली बाईपास के पास रुके थे।

    सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब 4 तोले का सोने का हार, 1 तोले की सोने की चेन, सोने की टॉप्स, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की अंगूठी, तीन जोड़ी पाजेब, चुटकी और करीब 500 ग्राम चांदी की कंकती चोरी हो चुकी है।

    परिवादी के अनुसार चोरी गए जेवरों की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

    फिलहाल अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories