• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    November 07, 2025

    वं3दे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम आयोजित

    राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम, अलवर में जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कम्पनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद पुलिस बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो स्मारक से स्टेडियम तक पहुंची और राष्ट्रभक्ति के जोश से माहौल गूंज उठा।

    स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से महापुरुषों के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसका शुभारंभ अलवर जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों के योगदान की जानकारी दी गई।

    इस अवसर पर भूमि आवाप्ति अधिकारी, नगर विकास न्यास, अलवर जितेन्द्र सिंह नरूका ने स्वागत उद्बोधन दिया और सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों द्वारा वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर भावनात्मक वातावरण बन गया।

    स्कूल की छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का मधुर गायन किया, जिससे उपस्थित जनसमूह देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत और नाट्य मंचन शामिल थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

    ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर यादगार रहा।

    Tags :
    Share :

    Top Stories