R. माधवन @56: 3 इडियट्स का शराब वाला सीन असली में किया शूट, इंजीनियरिंग नहीं करने पर पिता की आंखों में आए थे आंसू
एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में गिने जाने वाले आर. माधवन आज 56 साल के हो गए हैं। ‘3 इडियट्स’, ‘तनु वेड्स मनु’, ‘रहना है तेरे दिल में’ और ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले माधवन की जिंदगी संघर्ष, जुनून और दिलचस्प किस्सों से भरी रही है।
इंजीनियर नहीं बनना चाहते थे माधवन
1 जून 1970 को जमशेदपुर में जन्मे आर. माधवन एक तमिल ब्राह्मण परिवार से आते हैं। उनके पिता टाटा स्टील में मैनेजमेंट एग्जीक्यूटिव और मां बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर थीं। परिवार चाहता था कि माधवन इंजीनियर बनें, लेकिन उनकी रुचि अलग थी।
एक इंटरव्यू में माधवन ने बताया था कि जब उन्हें इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन नहीं मिला तो उनके पिता भावुक हो गए थे। उन्होंने बेटे से पूछा था कि आखिर वह जिंदगी में करना क्या चाहते हैं। इस पर माधवन ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि वे क्या बनना चाहते हैं, लेकिन इंजीनियरिंग नहीं करना चाहते।
सेना में जाने का सपना अधूरा रह गया
कॉलेज के दिनों में माधवन एनसीसी से जुड़े रहे और भारतीय सेना में शामिल होना चाहते थे। उन्होंने ब्रिटिश आर्मी, नेवी और एयर फोर्स के साथ ट्रेनिंग भी की, लेकिन शॉर्ट सर्विस कमीशन की उम्र सीमा पार होने के कारण उनका सपना अधूरा रह गया।
स्टूडेंट से हुई मुलाकात, फिर बनी जीवनसाथी
माधवन की पत्नी सरिता बिरजे कभी उनकी पब्लिक स्पीकिंग क्लास की छात्रा थीं। कोर्स पूरा करने के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और करीब आठ साल तक डेट करने के बाद 1999 में दोनों ने शादी कर ली।
3 इडियट्स का शराब वाला सीन असली में किया शूट
फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी का शराब वाला सीन काफी लोकप्रिय हुआ था। माधवन ने खुलासा किया था कि इस सीन को वास्तविक बनाने के लिए तीनों कलाकारों ने शूटिंग से पहले सचमुच शराब पी थी।
उनके मुताबिक यह सुझाव आमिर खान का था। हालांकि तकनीकी कारणों से शूटिंग में देरी हो गई और कलाकारों पर शराब का असर बढ़ गया। माधवन ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें लग रहा था कि वे सामान्य हैं, जबकि एक-एक डायलॉग बोलने में काफी समय लग रहा था।
रॉकेट्री के लिए बदले दांतों की बनावट
फिल्म ‘रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट’ के लिए माधवन ने खुद को पूरी तरह बदल लिया था। उन्होंने न सिर्फ वजन बढ़ाया और घटाया, बल्कि वैज्ञानिक नांबी नारायणन जैसा दिखने के लिए अपने दांतों की बनावट भी बदलवा ली थी। उन्होंने बताया था कि दांतों को सामान्य स्थिति में लौटने में करीब डेढ़ साल लग गए।
शाहरुख खान ने फ्री में किया कैमियो
‘रॉकेट्री’ में शाहरुख खान ने कैमियो रोल निभाया था। खास बात यह रही कि उन्होंने इसके लिए कोई फीस नहीं ली। माधवन के अनुसार शाहरुख ने खुद फिल्म का हिस्सा बनने की इच्छा जताई थी और पूरी प्रोफेशनल टीम के साथ शूटिंग की थी।
बेटे के करियर के लिए दुबई शिफ्ट हुए
माधवन के बेटे वेदांत माधवन प्रोफेशनल स्विमर हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कोविड के दौरान भारत में स्विमिंग पूल बंद होने के बाद माधवन अपने बेटे की ट्रेनिंग जारी रखने के लिए परिवार सहित दुबई शिफ्ट हो गए थे।
पान मसाला का करोड़ों का ऑफर ठुकराया
जहां कई बड़े सितारे पान मसाला ब्रांड्स का प्रचार करते हैं, वहीं माधवन ने करोड़ों रुपए का ऑफर ठुकरा दिया था। उनका मानना था कि एक सार्वजनिक व्यक्ति के तौर पर उनकी जिम्मेदारी सिर्फ कमाई करना नहीं, बल्कि समाज को सही संदेश देना भी है।
