बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर शुक्रवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि तड़के 4.30 बजे के करीब अज्ञात बदमाशों ने दिशा पाटनी के घर पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, आपको बताते चलें कि इससे पहले भी कई दिग्गज सितारों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें सेलेब्स के साथ फायरिंग का मामला हुआ। जानिए कब और किसके साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
सलमान खान
14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर में हुई फायरिंग ने पूरे बॉलीवुड को हिला कर रख दिया था। उस दिन मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने अभिनेता के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। हालांकि, आपको बताते चलें कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने इस फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी ली थी, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले दोनों को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया था।
कपिल शर्मा
हाल ही में कॉमेडियन कपिल शर्मा और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ ने कनाडा में एक कैफे खोला। कैफे खुलने के कुछ ही दिन बाद वहां पर हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई को, कनाडा के सरे स्थित 'कैप्स कैफे' के बाहर सुबह कई राउंड गोलियां चली थीं। हालांकि, पुलिस ने जानकारी दी थी कि गोलीबारी के समय कुछ कर्मचारी रेस्टोरेंट के अंदर मौजूद थे, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। इस फायरिंग की घटना के बाद बीते दिन दोबारा कॉमेडियन के कैफे पर फायरिंग हुई थी।
एपी ढिल्लों
मशूहर पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के बाहर सितंबर 2024 में कुछ अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोडारा ने ली थी। साथ ही सोशल मीडिया पर धमकी दी थी कि सलमान खान से नजदीकी रखने की वजह से गायक पर ये हमला हुआ था। इस हमले ने मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी थी।
गोविंदा
बॉलीवुड अभिनेता का मामला थोड़ा अलग है, क्योंकि उनपर किसी ने हमला नहीं किया था। बल्कि वह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे, तभी मिस फायर हो गया। इस घटना के बारे में अभिनेता के मैनेजर ने बताया कि जब वह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर केस में रख रहे थे, तभी रिवॉल्वर उनके हाथ से छूट गई और गोली चल गई, जिस कारण उनके पैर में गोली लग गई। कुछ दिन अस्पताल में रहने के बाद अभिनेता सकुशल अपने घर वापस आ गए थे।
एल्विश यादव
17 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग हुई। इस हमले के दौरान यूट्यूबर घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की। हालांकि उनके पिता ने बताया कि करीब 24-25 गोलियां चलीं थी। अभी पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
