सेंसेक्स 1092 अंक टूटकर 74,775 पर बंद, निफ्टी 359 अंक फिसला; मेटल और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
शुक्रवार, 29 मई को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़ककर 74,775 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 359 अंक गिरकर 23,547 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान मेटल और ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली। बकरीद की छुट्टी के बाद खुले बाजार में निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
गिरावट के 5 प्रमुख कारण
1. अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर अनिश्चितता
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य से शिपिंग प्रतिबंध हटाने को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है। समझौते को लेकर जारी असमंजस ने वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
2. विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने हाल के कारोबारी सत्र में 1,043 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस वर्ष अब तक विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से बड़ी निकासी कर चुके हैं, जिससे बाजार पर दबाव बना हुआ है।
3. कमजोर मानसून की आशंका
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मानसून के अनुमान को 92 प्रतिशत से घटाकर 90 प्रतिशत कर दिया है। कम बारिश की आशंका से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की चिंता बढ़ी है, जिसका प्रभाव बाजार पर भी दिखाई दिया।
4. 24,000 के स्तर से नीचे निफ्टी
विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी 24,000 के महत्वपूर्ण स्तर को पार नहीं कर पा रहा है। बाजार सीमित दायरे में फंसा होने के कारण निवेशक मुनाफावसूली कर रहे हैं।
5. इंडिया VIX में उछाल
बाजार में अस्थिरता को दर्शाने वाला इंडिया VIX करीब 6 प्रतिशत बढ़कर 15.91 पर पहुंच गया। यह संकेत देता है कि निवेशकों के बीच अनिश्चितता और डर का माहौल बढ़ा है।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का रुख
जहां भारतीय बाजार में गिरावट रही, वहीं एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजारों में भी पिछले कारोबारी सत्र में मजबूती दर्ज की गई थी।
पिछले कारोबारी सत्र में भी गिरावट
इससे पहले 27 मई को सेंसेक्स 142 अंक गिरकर 75,868 और निफ्टी 7 अंक फिसलकर 23,907 पर बंद हुआ था। उस दिन बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली थी।
