• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 26, 2026

    नौतपा अलर्ट: तेज गर्मी में क्या खाएं और क्या पिएं? जानिए शरीर को ठंडा रखने के आसान तरीके

     

    नौतपा के 9 दिनों में गर्मी अपने चरम पर होती है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, जिससे लू, डीहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है।

    विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा में खानपान और लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव करके गर्मी के असर से बचा जा सकता है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ की सीनियर डाइटीशियन डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि पानी से भरपूर और ठंडी तासीर वाले फल शरीर को अंदर से कूल रखते हैं।

    नौतपा में तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा, मौसमी, अंगूर, अनानास और केला जैसे फल खाने की सलाह दी गई है। ये फल शरीर को हाइड्रेट रखने, इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने और हीट स्ट्रोक से बचाने में मदद करते हैं। वहीं आम को सीमित मात्रा में खाने की सलाह दी गई है, क्योंकि ज्यादा आम शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है।

    शरीर को भीतर से ठंडा रखने के लिए आम पना, छाछ, नींबू पानी, बेल का शरबत, सत्तू का घोल, नारियल पानी, गन्ने का रस, जलजीरा और खीरा-पुदीना ड्रिंक फायदेमंद माने गए हैं। ये ड्रिंक्स शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ एनर्जी और हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करते हैं।

    विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें। ज्यादा मसालेदार, तला-भुना खाना, कैफीन और अल्कोहल से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है।

    अगर तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, बेहोशी, शरीर का तापमान 103°F से ज्यादा होना या हार्ट रेट तेज होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

    Tags :
    Share :

    Top Stories