• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 31, 2026

    ऑर्गन ट्रांसप्लांट में बड़ा ब्रेकथ्रू, डॉक्टरों ने एक साथ प्रत्यारोपित किए सुअर के लिवर-किडनी

    अंग प्रत्यारोपण विज्ञान के क्षेत्र में चीन के डॉक्टरों और शोधकर्ताओं ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पहली बार किसी इंसान के शरीर में जेनेटिक रूप से संशोधित सुअर का पूरा लिवर और दोनों किडनी एक साथ सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित की गई हैं।

    नेचर जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, यह दुनिया का पहला मल्टी-ऑर्गन पिग-टू-ह्यूमन ट्रांसप्लांट है। यह प्रत्यारोपण 53 वर्षीय ब्रेन-डेड व्यक्ति में किया गया, जिसके परिवार ने शोध के लिए पहले ही सहमति दे दी थी।

    डॉक्टरों के मुताबिक प्रत्यारोपण के बाद सुअर के अंग लगभग पांच दिनों तक प्रभावी रूप से काम करते रहे। शुरुआती 24 घंटों में अंगों के अस्वीकार होने के कोई संकेत नहीं मिले, जिसे चिकित्सा विज्ञान के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

    शोधकर्ताओं ने बताया कि प्रत्यारोपण के 19 घंटे बाद सुअर का लिवर पित्त (बाइल) बनाने लगा और सामान्य कार्य करने के संकेत दिखाई दिए। वहीं दोनों किडनी लगाए जाने के बाद मरीज के शरीर में क्रिएटिनिन और यूरिया का स्तर सामान्य होने लगा, जो किडनी के बेहतर काम करने का संकेत है।

    विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है। दुनियाभर में लाखों मरीज किडनी, लिवर, हृदय और अन्य अंगों के इंतजार में रहते हैं। ऐसे में जेनोट्रांसप्लांटेशन तकनीक भविष्य में अंगों की कमी की समस्या का समाधान बन सकती है।

    हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तकनीक को जीवित मरीजों पर व्यापक रूप से इस्तेमाल करने से पहले और अधिक परीक्षणों की आवश्यकता है। साथ ही यह सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा कि सुअर के अंगों के जरिए किसी प्रकार के वायरस या बैक्टीरिया मनुष्यों तक न पहुंचें।

    विशेषज्ञों के अनुसार यह सफलता भविष्य में बहु-अंग प्रत्यारोपण और जेनोट्रांसप्लांटेशन के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत साबित हो सकती है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories