सर्दियों का मौसम जहां एक ओर आलस बढ़ाता है, वहीं दूसरी ओर शरीर की ताकत और मेटाबॉलिज्म को भी बेहतर बनाता है। ठंड के मौसम में शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है, जिससे व्यायाम का असर तेजी से दिखाई देता है। हालांकि, इस मौसम में एक्सरसाइज का सही समय चुनना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत समय पर किया गया वर्कआउट फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों में व्यायाम का सही समय चुन लेने से फिटनेस की आधी लड़ाई पहले ही जीत ली जाती है। आइए जानते हैं कि ठंड के मौसम में सुबह या शाम, वर्कआउट करने का कौन सा समय ज्यादा फायदेमंद होता है।
सुबह 7 से 10 बजे तक का समय
सर्दियों में इसे व्यायाम का सबसे सुरक्षित और असरदार समय माना जाता है। सूरज निकलने के बाद शरीर का तापमान धीरे-धीरे सामान्य हो जाता है, जिससे मांसपेशियों और जोड़ों में जकड़न कम रहती है। इस समय हल्की धूप से विटामिन-डी भी मिलता है। पूरी नींद के बाद किया गया वर्कआउट दिनभर ऊर्जा और फोकस बनाए रखने में मदद करता है।
सुबह व्यायाम से पहले 10 से 15 मिनट का वार्मअप जरूरी है। इस दौरान वॉक, योग, स्ट्रेचिंग या हल्की रनिंग की जा सकती है।
शाम 4 से 7 बजे तक का समय
जो लोग सुबह व्यायाम नहीं कर पाते, उनके लिए सर्दियों की शाम बेहतरीन विकल्प है। इस समय शरीर का तापमान अपने चरम पर होता है और मांसपेशियां ज्यादा लचीली रहती हैं। इसलिए यह समय जिम, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, वेट एक्सरसाइज और कार्डियो के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। हालांकि, बहुत देर रात वर्कआउट करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे नींद पर असर पड़ सकता है।
बहुत तड़के व्यायाम करने के नुकसान
गर्मियों की तरह सर्दियों में सुबह 4–5 बजे व्यायाम करना नुकसानदायक हो सकता है। ठंड में रक्त नलिकाएं सिकुड़ी रहती हैं, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। अस्थमा और सांस संबंधी परेशानियां भी उभर सकती हैं। बुजुर्गों और दिल के मरीजों को खासतौर पर इस समय व्यायाम से बचने की सलाह दी जाती है।
सर्दियों में एक्सरसाइज करते समय रखें ये सावधानियां
खाली पेट भारी वर्कआउट न करें।
परतों वाले कपड़े पहनें और पसीना सूखने न दें।
ठंड में प्यास कम लगती है, लेकिन पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं।
एक्सरसाइज अचानक बंद न करें, धीरे-धीरे कूल-डाउन करें।
योगाभ्यास का सही समय
अगर आप योग करते हैं तो सर्दियों में सुबह का समय सबसे बेहतर माना जाता है। खासतौर पर सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास इस समय अधिक लाभकारी होता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दियों में फिट रहने की कुंजी सही टाइमिंग है। सुबह 7 से 10 बजे हल्का से मध्यम वर्कआउट और शाम 4 से 7 बजे स्ट्रेंथ ट्रेनिंग अपनाकर संतुलित फिटनेस हासिल की जा सकती है।
