• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 18, 2026

    गर्मी में राहत चाहिए तो बदलें खानपान, जानिए क्या खाना फायदेमंद है

    गर्मियों में तेज धूप और गर्मी से राहत पाने के लिए लोग आइसक्रीम, कोल्डड्रिंक, पैकेज्ड जूस और बर्फ वाले ड्रिंक्स का सेवन खूब करते हैं। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये चीजें भले ही कुछ समय के लिए ठंडक का एहसास दें, लेकिन शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचा सकती हैं।

    डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ की सीनियर डाइटीशियन डॉ. पूनम तिवारी के मुताबिक कई समर कूलिंग फूड्स शरीर में डिहाइड्रेशन, ब्लड शुगर स्पाइक, पाचन संबंधी समस्याएं, मोटापा और डायबिटीज का खतरा बढ़ाते हैं। कोल्डड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस में मौजूद हाई शुगर और कैफीन शरीर के इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस को प्रभावित करते हैं, जबकि कार्बन डाइऑक्साइड गैस से ब्लोटिंग और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है।

    आइसक्रीम, फ्लेवर्ड योगर्ट और आइस गोले जैसे फूड्स में अधिक मात्रा में शुगर, आर्टिफिशियल कलर और केमिकल्स होते हैं, जो शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार इनका ज्यादा सेवन मोटापा, फैटी लिवर और इंसुलिन रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ा सकता है। वहीं बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीने से पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है और गले में संक्रमण का रिस्क भी बढ़ता है।

    डॉ. तिवारी के अनुसार असली कूलिंग फूड वही हैं, जो शरीर को अंदर से हाइड्रेट रखें, पाचन को बेहतर बनाएं और शरीर का तापमान संतुलित रखें। इसके लिए गर्मियों में मौसमी और प्राकृतिक चीजों का सेवन फायदेमंद माना गया है।

    एक्सपर्ट्स ने गर्मियों में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, नारियल पानी, छाछ, दही, नींबू पानी, बेल का शरबत, सत्तू और पुदीना जैसी चीजें खाने-पीने की सलाह दी है। ये शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने के साथ इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में मदद करते हैं।

    विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्का भोजन करना और पैकेज्ड व अत्यधिक मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाना जरूरी है। आमतौर पर एक व्यक्ति को दिनभर में 2.5 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए, हालांकि मौसम और शारीरिक गतिविधियों के अनुसार इसकी मात्रा बदल सकती है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories