• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 08, 2026

    मौसम विभाग का अलर्ट जारी, यूपी में बढ़ेगी ठंड और बारिश के आसार

    उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीते 24 घंटों में लखनऊ समेत तराई, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। जालौन में सबसे ज्यादा 27 मिमी बारिश हुई, जबकि महराजगंज में 23 मिमी और झांसी में 20 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

    बारिश और ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। हरदोई, इटावा, बरेली और नजीबाबाद में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 13 डिग्री कम दर्ज किया गया। नजीबाबाद 25 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।

    मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आंधी या भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। अगले दो दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि सोमवार से पश्चिमी यूपी में एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हल्की बूंदाबांदी फिर शुरू हो सकती है।

    राजधानी लखनऊ में भी मौसम दिनभर बदलता रहा। तड़के गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि दिन में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। बारिश के चलते अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।

    इधर, मानसून से पहले प्रदेश सरकार ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में हुई बैठक में 44 जिलों, 118 तहसीलों और 2500 गांवों को बाढ़ के लिहाज से अति संवेदनशील घोषित किया गया। सभी संबंधित विभागों को 15 जून तक बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

    Tags :
    Share :

    Top Stories