सुप्रीम कोर्ट में आज 5 नए जजों का शपथ ग्रहण, न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 होगी
सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त पांच नए जज मंगलवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्य कांत उन्हें शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 37 हो जाएगी, जो स्वीकृत संख्या 38 से केवल एक कम होगी।
केंद्र सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति को मंजूरी दी थी।
राज्यसभा की 24 सीटों के लिए नामांकन आज से
चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात की 4-4 सीटों, राजस्थान और मध्य प्रदेश की 3-3 सीटों, झारखंड की 2 सीटों तथा अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय की 1-1 सीट पर चुनाव होना है। नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा।
दिल्ली में 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार देर रात 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अभिषेक नाम का युवक घायल अवस्था में मिला। उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान पथराव
जम्मू में वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। घटना में एक महिला डीएसपी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। उल्लेखनीय है कि 26 मई को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 60 कनाल वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया था।
