• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 18, 2026

    ट्रेन में आग लगते ही खाली कराई गई बोगी, 20 कर्मचारियों ने पाया काबू

    बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन (53212) की जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। घटना प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर हुई, जहां ट्रेन खुलने से पहले खड़ी थी। आग लगते ही बोगी D3 से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले बोगी से जलने की गंध आई, इसके बाद धुआं भरने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई। यात्री जान बचाने के लिए सामान छोड़कर ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म की ओर भागने लगे। आसपास की बोगियों में बैठे लोग भी डरकर बाहर निकल आए।

    घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी, RPF और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 20 से ज्यादा कर्मचारियों ने रेलवे की पाइपलाइन और दमकल की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग कई बार भड़की, लेकिन करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जिस बोगी में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद ट्रेन को रद्द कर दिया गया और प्लेटफॉर्म नंबर-6 खाली करा लिया गया।

    RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं ईस्ट सेंट्रल रेलवे के CPRO सरस्वती चंद्र ने कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।

    Tags :
    Share :

    Top Stories