• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 08, 2026

    दर्दनाक हादसे के बाद भड़के लोग, चक्काजाम कर किया हंगामा

    चंदौली के सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर गुरुवार को गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला ट्रक के पहिये के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा उसका भाई बाल-बाल बच गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

    मृतका की पहचान तेंदुईपुर गांव निवासी रवि कुमारी (35) के रूप में हुई है। वह अपने मायके में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। गुरुवार दोपहर अपने भाई साजन चौहान के साथ बाइक से कपड़े खरीदने सकलडीहा बाजार गई थी। लौटते समय अलीनगर की ओर से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने बाइक के हैंडिल में टक्कर मार दी। इससे संतुलन बिगड़ने पर रवि कुमारी सड़क पर गिर गई और ट्रक के नीचे आ गई।

    हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। सूचना पर एसडीएम कुंदन राज कपूर, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने तिराहे पर सुरक्षा इंतजाम न होने और अधूरे सड़क निर्माण को हादसे की बड़ी वजह बताया है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories