• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 02, 2026

    OSM विवाद गहराया: छात्र ने बताईं 15 अनियमितताएं, मंत्रालय ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

    CBSE की OSM प्रणाली पर उठे सवाल, छात्र ने संसदीय समिति के सामने गिनाईं 15 गड़बड़ियां

    CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में 12वीं के छात्र सार्थक सिद्धांत मंगलवार को संसद की स्थायी समिति के सामने पेश हुए और OSM प्रणाली के क्रियान्वयन तथा टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी बात रखी।

    सूत्रों के अनुसार, संसद भवन एनेक्सी में शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में सार्थक सिद्धांत ने दावा किया कि OSM प्रणाली से जुड़े दस्तावेजों के अध्ययन में उन्हें कम से कम 15 विसंगतियां मिली हैं। उन्होंने समिति के समक्ष इनमें से कुछ प्रमुख बिंदुओं को रखा।

    इस बीच, छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं में कथित गड़बड़ियों और कम अंक मिलने के विवाद पर शिक्षा मंत्रालय ने भी संज्ञान लिया है। मंत्रालय ने CBSE से OSM से जुड़ी कंपनी COEMPT को टेंडर दिए जाने की प्रक्रिया पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्रालय मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है।

    रीवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर छात्रों की परेशानियां भी जारी रहीं। सोमवार को CBSE का रीवैल्यूएशन पोर्टल पूरे दिन सुचारु रूप से काम नहीं कर सका। बोर्ड ने तकनीकी दिक्कतों और संभावित अनधिकृत हस्तक्षेप (हैकिंग प्रयास) की बात कही थी। हालांकि मंगलवार को CBSE ने 12वीं के छात्रों के लिए वेरिफिकेशन और रीवैल्यूएशन पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया, जो 6 जून तक खुला रहेगा।

    OSM विवाद को उजागर करने वालों में दिल्ली के छात्र वेदांत श्रीवास्तव और रांची के 17 वर्षीय टेक रिसर्चर सार्थक सिद्धांत प्रमुख हैं। वेदांत ने अपनी उत्तर पुस्तिका की रीवैल्यूएशन के दौरान कथित गड़बड़ियों की ओर ध्यान दिलाया था, जबकि सार्थक ने CBSE के सैकड़ों दस्तावेजों का विश्लेषण कर टेंडर प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं के दावे किए हैं।

    विवादों के केंद्र में रही COEMPT एडुटेक हैदराबाद स्थित कंपनी है, जो विभिन्न राज्यों में डिजिटल मूल्यांकन का कार्य करती है। कंपनी पर पहले भी तेलंगाना बोर्ड परीक्षा के दौरान डेटा प्रोसेसिंग में गड़बड़ी के आरोप लग चुके हैं।

    इधर, इंडियन यूथ कांग्रेस ने भी परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में देशव्यापी आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग दोहराते हुए विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन, छात्र संपर्क अभियान और घेराव कार्यक्रम चलाने की बात कही है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories