कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन, सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर; डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मंजूर कर लिया है। शुक्रवार को जारी अधिसूचना के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो गया है। मौजूदा उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अब प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों के अनुसार डीके शिवकुमार अगले सप्ताह नए मंत्रिमंडल के साथ शपथ ले सकते हैं। सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है।
सूत्रों का कहना है कि नई कैबिनेट में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं और करीब 10 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियंक खड़गे और सिद्धारमैया के पुत्र यतींद्र को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सिद्धारमैया ने 28 मई को कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन उस समय राज्यपाल शहर से बाहर होने के कारण इस्तीफा लंबित था। अब इसके मंजूर होने के साथ ही नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे और विधायक के रूप में जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
गौरतलब है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लंबे समय तक खींचतान चली थी। बाद में दोनों नेताओं के बीच सत्ता के रोटेशन को लेकर सहमति बनने की चर्चाएं हुई थीं। करीब तीन साल बाद अब कांग्रेस नेतृत्व ने नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लागू कर दिया है।
कांग्रेस हाईकमान का मानना है कि नेतृत्व परिवर्तन से सरकार के खिलाफ बन रही एंटी-इंकम्बेंसी को कम करने में मदद मिलेगी और आगामी चुनावों से पहले संगठन व सरकार दोनों को नई ऊर्जा मिलेगी।
