• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    June 02, 2026

    राहुल गांधी से ममता बनर्जी तक, 15 दलों के नेताओं की बैठक पर नजर; गठबंधन की मजबूती एजेंडे में

    8 जून को दिल्ली में I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक संभव, विपक्षी एकजुटता पर होगी चर्चा

    विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं की 8 जून को नई दिल्ली में बैठक होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत करीब 15 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं।

    बैठक में भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार करने और विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा हाल के विधानसभा चुनावों के नतीजों और विभिन्न राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी मंथन किया जा सकता है।

    सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा टीवीके को समर्थन दिए जाने के बाद डीएमके के बैठक में शामिल होने की संभावना कम है। हालांकि टीवीके को बैठक में शामिल करने के प्रयास जारी हैं। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही सार्वजनिक रूप से I.N.D.I.A गठबंधन से दूरी बना चुकी है, इसलिए उसके शामिल होने की संभावना नहीं है।

    बैठक में ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हुए कथित हमलों का मुद्दा उठा सकती हैं और अन्य सहयोगी दलों का समर्थन मांग सकती हैं।

    I.N.D.I.A गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी, जिसकी मेजबानी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। इसके बाद गठबंधन ने 2024 लोकसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ा। चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली थीं, जिनमें कांग्रेस की 99, समाजवादी पार्टी की 37 और तृणमूल कांग्रेस की 29 सीटें शामिल थीं।

    इससे पहले सितंबर 2025 में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने सरकारी आवास पर I.N.D.I.A ब्लॉक के नेताओं के लिए डिनर मीटिंग आयोजित की थी। कांग्रेस ने उस बैठक को सफल बताते हुए विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय का संकेत दिया था।

    8 जून की प्रस्तावित बैठक को विपक्षी दलों के बीच रणनीतिक समन्वय और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर अहम माना जा रहा है।

    Tags :
    Share :

    Top Stories