• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 27, 2026

    घर से डेढ़ किलोमीटर दूर मिले मासूमों के शव, 4 घंटे बाद बाहर निकाला

    बांसवाड़ा जिले में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। दोनों बच्चियां घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नाले में नहाने गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

    घटना आबापुरा थाना क्षेत्र के नादिया गांव स्थित उमरी नाला डाबरा में मंगलवार को हुई। जानकारी के अनुसार भूली (9) पुत्री दिलीप निनामा और रोनिका (8) पुत्री रामप्रसाद निनामा दोपहर करीब 1 बजे घर से निकली थीं। शाम 6 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की गई।

    ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चियों को आखिरी बार पानी भरे गड्ढे के पास देखा गया था। डूबने की आशंका पर रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर आबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

    रात का अंधेरा और गहरे पानी के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी हुई। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार रात करीब 1 बजे दोनों बच्चियों के शव गड्ढे से बाहर निकाले गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

    मृतक बच्चियों में भूली कक्षा 5वीं और रोनिका कक्षा 4वीं की छात्रा थी। बुधवार दोपहर पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

    Tags :
    Share :

    Top Stories