• Home
  • India
  • Rajasthan
  • Alwar
  • Politics
  • SPORTS
  • ECONOMY
  • Science & Tech
  • Jobs
  • HEALTH
  • Bollywood
  • blog
    May 22, 2026

    गिल-सुदर्शन का बल्ला गरजा, एक सीजन में 34 छक्के खाने का रिकॉर्ड भी टूटा

     

    गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। यह चेन्नई सुपर किंग्स की IPL इतिहास में रन के लिहाज से सबसे बड़ी हार रही। मैच में शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की बराबरी कर इतिहास रच दिया।

    गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। यह टी-20 क्रिकेट में उनकी 10वीं शतकीय साझेदारी रही। इससे पहले विराट कोहली-एबी डिविलियर्स, बाबर आजम-मोहम्मद रिजवान और क्रिस गेल-कोहली की जोड़ियां ही ऐसा कर सकी थीं। खास बात यह रही कि गिल-सुदर्शन ने सिर्फ 46 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की, जो मेंस टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज रिकॉर्ड है।

    शुभमन गिल ने इस मैच में टी-20 क्रिकेट में अपने 6 हजार रन भी पूरे किए। उन्होंने यह उपलब्धि 185 पारियों में हासिल की। वहीं IPL में बतौर ओपनिंग जोड़ी सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में गिल और सुदर्शन दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दोनों अब तक 1942 रन जोड़ चुके हैं और उन्होंने विराट कोहली-फाफ डु प्लेसिस की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया है।

    साई सुदर्शन ने लगातार पांचवीं फिफ्टी लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 84 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वे IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनके नाम अब 14 मैचों में 638 रन हो गए हैं।

    दूसरी ओर चेन्नई के गेंदबाज अंशुल कंबोज के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। इस सीजन उनकी गेंदों पर सबसे ज्यादा 34 छक्के लगे हैं, जो IPL इतिहास में एक सीजन में किसी गेंदबाज के खिलाफ सबसे ज्यादा सिक्स खाने का रिकॉर्ड है।

    मैच में कई दिलचस्प मोमेंट्स भी देखने को मिले। मोहम्मद सिराज ने चेन्नई की पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया, जबकि कगिसो रबाडा ने लगातार दो गेंदों पर विकेट लेकर चेन्नई की पारी समेट दी। गुजरात की यह 89 रन की जीत IPL इतिहास में टीम की सबसे बड़ी जीत भी बन गई।

    Tags :
    Share :

    Top Stories